गया जी में तीन महीने से वेतन का इंतजार कर रहे शिक्षक, डीइओ कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन

गया में नियोजित शिक्षकों ने तीन महीने से रुके वेतन और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की और शीघ्र कार्रवाई की मांग की.

Gaya Teachers Protest Salary : बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ गया जी के बैनर तले शिक्षकों ने शनिवार को नियोजित शिक्षकों का तीन माह से लंबित वेतन सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.

इससे पहले सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों ने मांगों पर मंथन के लिए गांधी मंडप में एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसकी अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष शत्रुधन प्रसाद ने की.

लंबित वेतन और प्रमोशन की मांग

बैठक में शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई.

संघ ने कहा कि वेतन लंबित रहने से शिक्षकों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तथा नियोजन नियमावली-2020 के नियम 16(11) के तहत 12 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति का लाभ देने की मांग की गयी.

एरियर भुगतान और अन्य वित्तीय मुद्दे

संघ ने प्रधान शिक्षकों के वेतन संरक्षण का लाभ देने, एचआरएमएस पर मूल वेतन को अपडेट करने तथा बढ़े हुए वेतन के कारण लंबित एरियर राशि का अविलंब भुगतान करने की मांग रखी. इसके अलावा, विशिष्ट शिक्षकों के लंबित एरियर के भुगतान का मुद्दा उठाया गया और नियोजित शिक्षकों के पूर्व से बकाया एरियर का भुगतान जल्द कराने के लिए बीईओ कार्यालय से बिल तैयार करने का निर्देश देने की मांग की गई.

Also Read : गया जी : रक्षाबंधन को लेकर रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर, राखी की बुकिंग और डिलीवरी की मिलेगी सुविधा

सेवा संबंधी अन्य प्रमुख मांगें

बैठक में जनगणना एवं ग्रीष्मावकाश के दौरान प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों को क्षतिपूर्ति अवकाश देने, सभी कोटि के शिक्षकों की सर्विस बुक का कैंप लगाकर संधारण कराने, कार्यालय में उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर मृत शिक्षकों के आश्रितों को अनुकंपा का लाभ देने तथा दिव्यांग शिक्षकों को परिवहन भत्ता का लाभ देने की मांग भी प्रमुखता से उठायी गयी.

डीइओ को सौंपा गया मांग पत्र

प्रदर्शन के दौरान डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता व अन्य अफसर कार्यालय में नहीं मिले, लेकिन देर शाम कार्यालय लौटने पर शिक्षकों ने डीइओ को अपना मांग पत्र सौंपा. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आगे आंदोलन किया जाएगा.

इस मौके पर शंकर चौधरी, कमलेश कुमारी, रंजीत कुमार, गीरजेश सिंह, मिथलेश कुमार, राजेश कुमार, प्रमोद भारती, राकेश कुमार, विनोद कुमार, रेणु कुमारी सहित कई शिक्षक मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हरिबंश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >