Gaya ji News : गया जिले के आमस थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में नाबालिग महादलित छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद विद्यालय परिसर और गांव में आक्रोश फैल गया. परिजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
परीक्षा के दौरान छेड़छाड़ का आरोप
जानकारी के अनुसार, बुधवार को विद्यालय में क्वार्टरली मूल्यांकन परीक्षा चल रही थी.. आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक ने छात्रा को अधिक अंक देकर परीक्षा में पास कराने का लालच दिया और उसके साथ छेड़छाड़ की. घर लौटने के बाद छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना अपनी मां को बताई, जिसके बाद मामला सामने आया.
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
गुरुवार को छात्रा के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे तथा आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसके बाद सभी लोग आमस थाना पहुंचे, जहां छात्रा की मां ने लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली.
आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, जांच जारी
आमस थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक, जो आमस का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस छात्रा का बयान दर्ज करने के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए, लेकिन इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
