Gaya RPF Missing Child Rescue : सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान परिवार से बिछड़े नाबालिग बच्चे को गया जी आरपीएफ ने शनिवार को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया.
रेल मदद के माध्यम से RPF को मिली थी बच्चे के छूटने की सूचना
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि 'रेल मदद' के माध्यम से डीडीयू मंडल के कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-3 में यात्रा कर रहा एक बच्चा कोडरमा स्टेशन पर परिजनों के उतरने के दौरान ट्रेन में ही छूट गया है.
शिकायतकर्ता से संपर्क कर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन में शुरू की गई जांच
सूचना मिलते ही गया आरपीएफ के ड्यूटी अधिकारी उप निरीक्षक अजय तिग्गा ने शिकायतकर्ता इमरान से संपर्क किया. इसके बाद ट्रेन के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचने पर उप निरीक्षक अजय तिग्गा और आरक्षी दिनेश कुमार ने बी-3 कोच में गहन जांच अभियान चलाया.
Also Read : सितंबर में 18 ट्रेनें रहेंगी रद्द, गया-पटना समेत कई रूट की ट्रेनों का बदलेगा रूट; देखें पूरी लिस्ट
बी-3 कोच से सुरक्षित मिला 11 वर्षीय नवाजिश अकरम
जांच के दौरान 11 वर्षीय नवाजिश अकरम कोच में सुरक्षित मिल गया. पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम और पता बताया, जिसके बाद आरपीएफ कर्मी उसे सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पर लेकर आए और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी.
आरपीएफ पोस्ट पहुंचे मामा, आवश्यक सत्यापन के बाद बच्चा सौंपा गया
सूचना मिलने पर बच्चे के मामा इमरान आरपीएफ पोस्ट पहुंचे, जहां आवश्यक कानूनी व कागजी सत्यापन के बाद नाबालिग को उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया. अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिवार ने आरपीएफ के प्रति आभार जताया.
