Gaya Patna MEMU Train : पुनपुन-पटना के बीच रेलवे पुल संख्या-21 पर जलस्तर बढ़ने के कारण मंगलवार को चौथे दिन भी गया-पटना रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. गया जंक्शन से पटना जाने वाली कई मेमू ट्रेनों के रद्द रहने से दैनिक यात्रियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा.
नौकरी, पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों से पटना आने-जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा. रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 10 सितंबर को गया-पटना और पटना-गया के बीच चलने वाली 10 मेमू ट्रेनों का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया है.
बुधवार से गया-पटना रेलखंड पर परिचालन के लिए बहाल होंगी यह 10 मेमू ट्रेनें
गाड़ी संख्या 63242 गया-पटना, 63258 गया-पटना, 63245 पटना-गया, 63396 गया-पटना, 63248 गया-पटना, 63243 पटना-गया, 63259 पटना-गया, 63393 पटना-गया, 63250 गया-पटना और 63253 पटना-गया मेमू शामिल हैं.
ट्रेनों के रद्द रहने से गया जंक्शन के प्लेटफॉर्मों पर पसरा रहा सन्नाटा
गया जंक्शन पर सामान्य दिनों में मेमू ट्रेनों को लेकर यात्रियों की भीड़ रहती है. मंगलवार को इन ट्रेनों के रद्द रहने के कारण प्लेटफार्मों पर सन्नाटा पसरा रहा. ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को सूचना मिलने के बाद मायूस होकर लौटना पड़ा.
लंबी दूरी की ट्रेनों को निर्धारित रूट से चलाने का निर्देश
रेलवे ने कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को अपने निर्धारित रूप से चलने का निर्देश दिया गया है इसकी जानकारी पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने दी है.
दैनिक रेल यात्रियों को मेमू सेवाएं शुरू होने से मिलेगी बड़ी राहत
जलस्तर घटने के बाद मेमू ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू होने से पटना और गया के बीच दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों की परेशानियां दूर होंगी.
