गया जी. गांधी मैदान के समीप स्थित रेडक्रॉस भवन के सभागार में जिला उद्योग केंद्र, मगध इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमी वार्ता का आयोजन किया गया. इस दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलजमाव, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कच्चे माल और तैयार उत्पादों के सुगम परिवहन के लिए संपर्क पथों के चौड़ीकरण, जल निकासी व्यवस्था, बियाडा भूमि की दर कम करने तथा मानपुर क्षेत्र में भूमि दखल-हस्तांतरण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उद्यमियों की समस्याएं सुनने के बाद जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन तेजी से काम कर रहा है, ताकि आने वाले दिनों में गया जिला उद्योग और व्यापार का बड़ा हब बन सके. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी उद्योग स्थापना के लिए उद्यमियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है. जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिला उद्योग पदाधिकारी के माध्यम से गया जिले के सभी प्रखंडों में संचालित उद्योगों का सेक्टरवार मैपिंग करायी गयी है, जिससे औद्योगिक विकास की दिशा में बेहतर योजना बनायी जा सके. उद्यमी वार्ता में उठायी गयी बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित मामलों के समाधान का भी आश्वासन दिया. मानपुर क्षेत्र के विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके और औद्योगिक विकास को गति दी जा सके.
औद्योगिक व निवेश संबंधी समस्याओं को मिलेगी प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों द्वारा उठायी गयी सभी औद्योगिक और निवेश से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि समस्याओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि इस प्रकार की उद्यमी वार्ताएं नियमित रूप से आयोजित की जायेगी.
शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों की रही भागीदारी
यह उद्यमी वार्ता जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है. बैठक में गया शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के उद्यमियों ने भी भाग लिया और अपनी समस्याओं व सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा. कार्यक्रम का संचालन मगध इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ अनूप केडिया ने किया, जबकि विषय प्रवेश चैंबर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक डॉ कौशलेंद्र प्रताप ने कराया. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने की.
ये भी रहे मौजूद
उद्यमी वार्ता में नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया, सदर एसडीओ अनिल कुमार रमण, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कुमारी वंदना, शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत कार्यपालक अभियंता, बियाडा के उप महाप्रबंधक सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे. जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कुमारी वंदना ने स्वागत भाषण के साथ बैठक की शुरुआत की और बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति-2025 की संक्षिप्त जानकारी दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
