Gaya News: (मानपुर से उदय शंकर की रिपोर्ट)
जिले के मानपुर इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. नौरंगा मोड़ फोरलेन बाईपास मार्ग पर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
कोचिंग जाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
मृतक की पहचान नौरंगा गांव निवासी मनोज कुमार उर्फ मनोज चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कुणाल घर से पैदल कोचिंग जाने के लिए निकला था. इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
सड़क पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही किशोर की मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. कुणाल कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही हादसे के कारणों की तहकीकात की जा रही है.स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन बाईपास मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है.
