बोधगया. बोधगया के तेरगर मोनास्टरी स्थित काग्यूपा पवेलियन में आयोजित 40वां काग्यू मोनलम चेन्मो शनिवार को संपन्न हो गया. इस अवसर पर दी मारले मोनलम के तहत पूजा में शामिल हजारों भिक्षु, लामा और श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर नम आंखों से पूजा का समापन किया और विश्व शांति तथा जनकल्याण की कामना की. उल्लेखनीय है कि 17वें ग्यालवा करमापा उज्ञेन त्रिनले दोरजे की गैरमौजूदगी में यह काग्यू मोनलम चेन्मो आयोजित किया गया. हालांकि, 17वें करमापा ने ऑनलाइन माध्यम से भिक्षुओं, लामाओं और श्रद्धालुओं के साथ अपने अनुयायियों को प्रवचन दिया और पूजा में भाग भी लिया. पूजा के आयोजन के दौरान तेरगर मोनास्टरी और आसपास के क्षेत्र में चहल-पहल देखने को मिली. आसपास के होटल और गेस्ट हाउसों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. पूजा में शामिल होने के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के कारण ऑटो और इ-रिक्शा चालकों की भी अच्छी कमाई हुई. अब सभी का इंतजार अगले आयोजन निगमा मोनलम चेन्मो का है, जो इसी प्रकार श्रद्धालुओं और भिक्षुओं की उपस्थिति में संपन्न होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
