Gaya Municipal Corporation : नगर निगम गया जी की सशक्त स्थायी समिति की बैठक 10 अगस्त को नगर निगम कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की जायेगी. बैठक में नगर निगम क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और निर्णय लिया जायेगा. समिति के सदस्यों से बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया गया है.
पिछली बैठक के फैसलों की होगी समीक्षा
नगर निगम गया जी की बैठक की कार्यसूची में पिछली बैठक की संपुष्टि, पूर्व में लिये गये निर्णयों के अनुपालन और उसकी समीक्षा को शामिल किया गया है. इसके साथ ही आगामी पितृपक्ष मेला की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की जायेगी.
जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था पर जोर
बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था के साथ सफाई व्यवस्था पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होगी. स्वीकृत नाला-नालियों की सफाई का पूरा विवरण समिति के सामने रखा जायेगा. इसमें किन नालियों की सफाई पूरी हो चुकी है और किनकी सफाई अभी बाकी है, इसकी जानकारी दी जायेगी.
सफाई उपकरणों पर खर्च का हिसाब
नगर निगम गया जी की बैठक में पिछले छह माह के दौरान सफाई यंत्रों और सामग्रियों पर किये गये खर्च का पूर्ण विवरण भी प्रस्तुत किया जायेगा. समिति इस दौरान सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों और खर्च की स्थिति की समीक्षा करेगी.
बिना स्वीकृति वाले कामों का भी ब्योरा
नगर निगम बोर्ड या सशक्त स्थायी समिति से स्वीकृति लिये बिना कराये गये कार्यों की सूची भी बैठक में रखी जायेगी. इसमें मद, योजना का नाम, कार्यस्थल और अन्य संबंधित विवरण शामिल होंगे. इससे बिना मंजूरी कराये गये कार्यों की स्थिति स्पष्ट होगी.
सैरात की बकाया राशि पर भी चर्चा
बैठक में सैरातों की बकाया राशि और पूर्व में लिये गये निर्णयों से जुड़े पूर्ण विवरण पर भी विचार किया जायेगा. समिति के सामने संबंधित मामलों की वर्तमान स्थिति रखी जायेगी.
नाली-पथ निर्माण के आवेदनों की होगी समीक्षा
लोक शिकायत, जनता दरबार और सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त नाली एवं पथ निर्माण से जुड़े आवेदनों के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा होगी. बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार किया जा सकेगा.
ALSO READ:
