गया न्यूज : कड़ी धूप से बढ़ी तपिश, आज से मौसम में बदलाव के आसार
वरीय मुख्य संवाददाता, गया.
इन दिनों कड़ी धूप व तपिश बढ़ने के साथ गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है. सोमवार को गया का अधिकतम पारा 40 डिग्री के करीब यानी 39.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा. सुबह आठ बजे के बाद से ही चिलचिलाती धूप लोगों को शाम करीब पांच बजे तक परेशान करती रही. गर्म हवाएं भी चलीं. इसकी वजह से तापमान काफी ऊपर चला गया. लेकिन, मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार से चार दिनों के लिए बदलाव के आसार हैं. आसमान में बदली छाने के साथ बिजली कौंधने व बीच-बीच में बारिश की भी संभावना जतायी गयी है. तेज हवा भी चल सकती है. इससे बढ़ रहे तापमान के लुढ़कने की संभावना है. गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. सोमवार को दिन में कड़ी धूप की वजह से लोग छाता या फिर तौलिया माथे पर लेकर निकले. ग्रामीण इलाके में रामनवमी की शोभायात्रा भी कड़ी धूप की वजह से दिन ढलने के बाद ही निकाली गयी, ताकि शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु कड़ी धूप, गर्म हवा के थपेड़ों व बेशुमार पड़ रही गर्मी से बच सके.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
