Gaya Junction Liquor Seized : गया जंक्शन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 372 लीटर महुआ देशी शराब बरामद की है. शराब को आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन की सीट के नीचे प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखा गया था. लावारिस हालत में बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 37,200 रुपये आंकी गयी है.
ट्रेन की जांच के दौरान मिले संदिग्ध बोरे
आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव व रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार की निगरानी में संयुक्त टीम प्लेटफार्म नंबर एक पर गश्त कर रही थी.
इसी दौरान करीब 2:30 बजे गाड़ी संख्या 13553 आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची. ट्रेन की जांच के दौरान सीट के नीचे कुछ प्लास्टिक के बोरे संदिग्ध अवस्था में मिले. आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की गयी, लेकिन किसी ने भी बोरों पर अपना दावा नहीं किया.
बोरों की जांच में भारी मात्रा में शराब बरामद
इसके बाद बोरों को प्लेटफार्म नंबर एक के दिल्ली छोर पर पोल संख्या 470/01 के पास उतारकर जांच की गयी. जांच में 62 सफेद पॉलिथीन में करीब छह-छह लीटर महुआ देशी शराब बरामद हुई.
Also Read : बोधगया में निरंजना नदी के दलदल में फंसे युवक का शव बरामद, 24 घंटे से तलाश कर रही थी SDRF की टीम
जीआरपी को सौंपी गई जब्त शराब
कुल 372 लीटर शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना गया को सुपुर्द कर दिया गया. आरपीएफ ने मामले में अग्रिम कार्रवाई की जानकारी देने की बात कही है.
