Gaya Junction Ticket Checking : गया जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर आने-जाने वाले यात्रियों की टिकट जांच की गयी. इस दौरान 421 ऐसे यात्री मिले, जिन्होंने यात्रा के लिए टिकट नहीं लिया था.
बिना जुर्माना लगाए यात्रियों को दी गई समझाइश
टिकट जांच में पकड़े गये यात्रियों के खिलाफ इस बार जुर्माने की कार्रवाई नहीं की गयी. रेलवे अधिकारियों और टिकट जांच कर्मियों ने सभी यात्रियों को समझाया कि बिना टिकट यात्रा करना नियमों के विरुद्ध है.
यात्रियों को मौके पर ही टिकट खरीदने की सलाह दी गयी. इसके बाद यात्रियों ने टिकट खरीदकर ही ट्रेन से सफर करने की बात कही.
यात्रियों को जागरूक करने का उद्देश्य
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है. यात्रियों को समझाया गया कि रेलवे स्टेशन पर भीड़ अधिक होने के बावजूद यात्रा से पहले वैध टिकट लेना जरूरी है. बिना टिकट यात्रा करने पर आगे चलकर जुर्माना भी लगाया जा सकता है.
रेलवे की यात्रियों से अपील और निर्देश
रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गयी कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले या स्टेशन पर उपलब्ध टिकट काउंटर और अन्य अधिकृत माध्यमों से टिकट लेकर ही ट्रेन में सवार हों. अभियान के दौरान यात्रियों को रेलवे के नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से यात्रा करने की भी सलाह दी गयी.
