गया जंक्शन पर जल्द शुरू होंगे प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल, अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा क्वालिटी फूड

गया जंक्शन से यात्रा करने वाले लाखों रेल यात्रियों के लिए जल्द ही अच्छी खबर है. रेलवे प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल खोलने की तैयारी में है, जहां गुणवत्तापूर्ण नाश्ता, भोजन और अन्य ज़रूरी सामग्री उपलब्ध होगी. इससे यात्रियों की सुविधा में ज़बरदस्त इज़ाफ़ा होगा.

Gaya Junction Premium Catering Stall : गया जंक्शन से यात्रा करने वाले लाखों रेल यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने जा रही है. रेलवे द्वारा गया जंक्शन के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर चार प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल खोलने की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी.

इन स्टॉलों के शुरू होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही गुणवत्तापूर्ण नाश्ता, भोजन, पैकेज्ड पानी, दूध, दही तथा अन्य खाद्य सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सकेगी.

इससे यात्रियों को ट्रेन के ठहराव के दौरान स्टेशन परिसर में इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रेलवे सूत्रों के अनुसार, चारों प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल के संचालन के लिए निविदा जारी करने की तैयारी चल रही है.

टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को स्टॉल संचालित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी. रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है.

एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी जरूरी खाद्य सामग्री

प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल पर यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की खाद्य व पेय सामग्री उपलब्ध रहेगी.

यहां ताजा नाश्ता, शुद्ध शाकाहारी भोजन, पैक्ड खाना, चाय, कॉफी, ठंडे पेय, पैकेज्ड पानी, दही, लस्सी, दूध सहित कई अन्य आवश्यक खाद्य पदार्थ उपलब्ध होंगे.

इससे विशेषकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. रेलवे द्वारा संचालित इन प्रीमियम स्टॉलों में स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्धारित मूल्य सूची तथा साफ-सफाई की नियमित निगरानी की जाएगी. यात्रियों को उचित मूल्य पर बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाएगा.

बच्चों के लिए होगी विशेष दूध की व्यवस्था

रेलवे ने छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा है. प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल पर बच्चों के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी.

इससे रात या सुबह के समय यात्रा करने वाले परिवारों को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें स्टेशन के बाहर दूध की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा.

रेलवे की यात्री सुविधाओं में होगा विस्तार

गया जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में रेलवे लगातार कार्य कर रहा है. स्टेशन के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और बेहतर खानपान व्यवस्था की इसी कड़ी में प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल की शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

इसके शुरू होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि स्टेशन की सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा.

यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और भरोसेमंद खानपान की सुविधा उपलब्ध कराकर रेलवे उनकी यात्रा को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाएगा.

Also Read : आरा का वीर कुंवर सिंह पार्क अब पहले से ज्यादा भव्य, सेल्फी प्वाइंट, बोटिंग और ओपन जिम समेत मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >