Gaya Ji Weather Alert: गया जी में अगले 2 से 3 घंटे में मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने गया जी जिले के कई प्रखंडों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन घंटों के भीतर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मेघ गर्जन, वज्रपात, बारिश और तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है. लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है.
गया जी के 23 प्रखंड चेतावनी के दायरे में
मौसम विभाग द्वारा जारी तत्कालिक मौसम चेतावनी (Nowcast Weather Warning) के अनुसार गया जिले के 24 में से 23 प्रखंड प्रभावित क्षेत्र में शामिल किए गए हैं. इनमें अतरी, आमस, इमामगंज, कोंच, खिजरसराय, गया नगर प्रखंड, गुरारू, गुरुआ, टेकारी, डुमरिया, डोभी, परैया, फतेहपुर, बांके बाजार, बाराचट्टी, बेलागंज, बोधगया, मानपुर, मोहनपुर, मोहड़ा, वजीरगंज और शेरघाटी सहित कई इलाके शामिल हैं. मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है और कहीं-कहीं मध्यम दर्जे की गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
जारी चेतावनी के अनुसार मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है.
इन जिलों में भी जारी हुआ अलर्ट
गया जी के अलावा औरंगाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी जिले के कई हिस्सों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने कहा है कि इन जिलों में भी अगले कुछ घंटों के दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
लोगों और किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है. बिजली चमकने के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है. किसानों को भी मौसम सामान्य होने तक खेतों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है. विभाग ने कहा है कि वज्रपात के दौरान खेत, जलाशय और खुले मैदान सबसे अधिक जोखिम वाले स्थान होते हैं.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार चेतावनी जारी होने के समय से अगले दो से तीन घंटे मौसम सबसे अधिक सक्रिय रह सकता है. ऐसे में गया जिले के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. विभाग ने अपील की है कि लोग मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.
पिता खेतों में करते हैं काम, मां आंगनबाड़ी में सेविका, SDM बनी गया जी की बेटी की कहानी पढ़िए
