जनता दरबार में गूंजे 50 से ज्यादा मामले, गयाजी डीएम ने ऑन द स्पॉट समाधान के दिए निर्देश

Gaya Ji News : गयाजी डीएम शशांक शुभंकर ने जनता दरबार में 50 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं. डीएम ने धार्मिक भूमि पर कब्जे, गलत तरीके से बिजली काटने और भू-माफियाओं द्वारा बाधा पहुंचाने जैसे मामलों में अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.

गया जी कार्यालय से रोशन कुमार की रिपोर्ट:
Gaya Ji News :
डीएम शशांक शुभंकर ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित दैनिक जनता दरबार के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लगभग 50 से अधिक आमजनों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान डीएम ने समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए. जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, मुआवजा और शिक्षा विभाग से जुड़े मामले सामने आए.

धार्मिक भूमि पर कब्जे की जांच के निर्देश

खिजरसराय के पचलख एमाचौकी ग्राम से आए श्याम सुंदर कुमार ने जिलाधिकारी को शिकायत दी कि भगवान शंकर के नाम वाली धार्मिक भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है. इस पर संज्ञान लेते हुए डीएम ने नीमचक बथानी के एसडीओ (SDO) को अगले सात दिनों के अंदर जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध करवाने का आदेश दिया है.

बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर डीएम सख्त

शेरघाटी के संतोष कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि आमस में स्थित उनकी ‘साक्षी राइस मिल’ का बिजली कनेक्शन बकाया नोटिस की निर्धारित तिथि से पहले ही काट दिया गया. सहायक अभियंता शेरघाटी की इस मनमानी पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग को निर्देश दिया कि विभागीय गाइडलाइंस का पालन करवाएं और दोषी कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें.

निजी जमीन पर दखल देने वालों पर होगी कार्रवाई

नगर अंचल के घुटिया ग्राम की आरती सिन्हा ने अपनी निजी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध हस्तक्षेप और बाउंड्री वाल निर्माण में बाधा डालने की शिकायत की. जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष को संयुक्त रूप से इस मामले की जांच कर निपटारा करने का निर्देश दिया है.

समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को संबंधित प्रकरणों का तुरंत और निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और प्रत्येक विभागीय पदाधिकारी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें.

Also Read: गयाजी में 15 जून को 1000 युवाओं को नौकरी का मौका, जानें पूरी डिटेल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >