Gaya Government Hospital Surgery : स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए गया जी जिले के अस्पतालों में 36 से लेकर 70 प्रकार की अनिवार्य सर्जरी की सुविधा लागू की है, ताकि मरीजों को बेवजह बड़े शहरों में रेफर न होना पड़े. नयी व्यवस्था के तहत हाइड्रोसील, हर्निया, अपेंडिक्स, पाइल्स, फिस्टुला, स्तन गांठ और पित्त की थैली से जुड़ी सर्जरी सदर अस्पताल में की जा रही है. उक्त बातें सिविल सर्जन डॉ. राजाराम प्रसाद ने कही.
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में उपलब्ध ऑपरेशन सेवाएं
सिविल सर्जन ने कहा कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में सिजेरियन ऑपरेशन, गर्भाशय निकालने की सर्जरी, एक्टोपिक प्रेग्नेंसी और परिवार नियोजन संबंधी ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है. जिला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओपीडी के अलावा सर्जरी की सेवाओं को बढ़ाने का काम किया गया है.
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न तरह की सर्जरी सेवाएं मुहैया करायी गयी हैं. यहां पर सर्जरी में प्रसव के लिए सिजेरियन, हर्निया, अपेंडिक्स, बंध्याकरण, नसबंदी, हाइड्रोसील को चालू कर दिया गया है.
सरकारी अस्पतालों पर बढ़ा लोगों का विश्वास
डीपीएम स्वास्थ्य नीलेश कुमार ने बताया कि जयप्रकाश नारायण सदर अस्पताल सहित कई सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सर्जरी के लिए लोग पहुंच रहे हैं. इसके लिए उन्हें बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है. खिजरसराय सहित शेरघाटी व टिकारी अनुमंडलीय अस्पतालों में सर्जरी की संख्या बढ़ी है.
हड्डी की सर्जरी और उपकरणों की व्यवस्था
साथ ही हड्डी की सर्जरी संबंधी सेवा भी उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके लिए कई तरह की मशीनें उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सर्जरी की सुविधा बढ़ाकर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुविधा देना है. इस माह की एक तारीख को विभिन्न सरकारी अस्पतालों में कुल 13 सर्जरी की गयी हैं.
