डुमरिया-छतरपुर मुख्य मार्ग पर देवरी गांव के समीप गुरुवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
हाइवा और कार की टक्कर के बाद बिगड़ा संतुलन
स्थानीय निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता राकेश राय ने बताया कि डुमरिया-छतरपुर मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन हाइवा समेत भारी वाहनों का परिचालन होता है. लगातार बारिश के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. उन्होंने बताया कि देवरी और रामपुर गांव के समीप क्षतिग्रस्त पुलिया के पास हाइवा और कार के बीच टक्कर हुई, जिसके बाद कार असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी.
कार सवार सभी लोग सुरक्षित
हादसे के बावजूद कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं. दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है. बोधि बिगहा थानाध्यक्ष प्रियनन्द आलोक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्रामीणों ने सड़क और पुलिया की मरम्मत की उठाई मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क और पुलिया की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि खराब सड़क और जर्जर पुलिया के कारण इस मार्ग पर लगातार हादसों का खतरा बना रहता है. समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
