Gaya Crime : डोभी थाना क्षेत्र की बजौरा पंचायत के शिवगंज गांव में गुरुवार को करीब एक बीघा जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोहे की रॉड, रामी और लाठी-डंडे चलने लगे. मारपीट में दर्जनभर लोग घायल हो गये. घायलों को सीएचसी डोभी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को गया रेफर किया गया.
जमीन विवाद को लेकर पहले से चल रहा था तनाव
जानकारी के अनुसार, करीब एक बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था. ग्रामीणों के मुताबिक, तीन-चार दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना हुई थी. इसके बाद भी विवाद का समाधान नहीं हुआ और गुरुवार को मामला फिर हिंसक हो गया.
रॉड और लाठी-डंडे चलने से दर्जनभर लोग घायल
गुरुवार की सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद टकराव बढ़ गया. इसके बाद दोनों ओर से लोहे की रॉड, रामी और लाठी-डंडे चलने लगे. मारपीट में कई लोग घायल हो गये. स्थानीय लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी पहुंचाया.
तीन गंभीर घायलों को गया किया गया रेफर
सीएचसी डोभी में चिकित्सक इला माधवी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल अशोक यादव, रोहन यादव और भोला यादव को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया.
दोनों पक्षों के लोग हुए घायल
प्राथमिक इलाज सूची के अनुसार, एक पक्ष से अशोक यादव, भोला यादव और मनोज यादव घायल हुए हैं. वहीं दूसरे पक्ष से रोहन यादव, कांति देवी, कारू यादव, भोला यादव, कमलेश कुमार, मिथिलेश कुमार और कंचन कुमारी घायल बताये गये हैं. घटना के बाद सभी घायलों का इलाज कराया गया.
गांव में तनाव के बाद पुलिस की निगरानी बढ़ी
मारपीट की घटना के बाद शिवगंज गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग घटना को लेकर भयभीत हैं. डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दोनों पक्षों के आरोपों और घायलों से जुड़ी जानकारी की तफ्तीश की जा रही है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
