बोधगया के दो डाकघरों में 18 लाख के गबन का आरोप, बीपीएम पर FIR दर्ज; दूसरे की जांच जारी

बोधगया के मोचारिम और भलुआ शाखा डाकघरों में 18 लाख रुपये के गबन का आरोप सामने आने से हड़कंप मच गया है. मोचारिम शाखा के बीपीएम पर FIR दर्ज की गई है, जबकि भलुआ शाखा के पोस्टमास्टर की भूमिका की जांच अभी जारी है.

गया जी प्रमंडल के बोधगया क्षेत्र स्थित मोचारिम और भलुआ शाखा डाकघरों में करीब 18 लाख रुपये के कथित गबन का मामला सामने आने के बाद डाक विभाग में हड़कंप मच गया है. प्रारंभिक जांच के आधार पर मोचारिम शाखा डाकघर के ब्रांच पोस्टमास्टर (बीपीएम) शक्ति कुमार के विरुद्ध बोधगया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

वहीं, भलुआ शाखा के पोस्टमास्टर मंसूर आलम की भूमिका की जांच अभी जारी है. बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि डाक विभाग के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए शक्ति कुमार, दोनों बीपीएम निलंबित

वरीय डाक अधीक्षक अंशुमान ने बताया कि विभागीय जांच में मोचारिम शाखा के पोस्टमास्टर शक्ति कुमार प्रथम दृष्टया दोषी पाये गये हैं, जिसके आधार पर उन पर प्राथमिकी दर्ज हुई है. वहीं भलुआ शाखा के पोस्टमास्टर के खिलाफ जांच जारी है और वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने पर उन पर भी एफआईआर होगी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए डाक विभाग ने निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के संरक्षण हेतु दोनों ब्रांच पोस्टमास्टरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विशेष टीम पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है.

IPPB खातों के जरिए राशि निकासी का संदेह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला मुख्य रूप से इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के खातों के माध्यम से राशि ट्रांसफर कर अवैध निकासी करने से जुड़ा हो सकता है.

वरीय डाक अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी वित्तीय लेन-देन, संबंधित अभिलेखों तथा बैंकिंग रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है. विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >