Gaya Ji Electricity Theft : गया जी जिले के डुमरिया प्रखंड में बिजली विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर छह उपभोक्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. जांच के दौरान मीटर बाइपास समेत अवैध तरीके से बिजली उपयोग के मामले सामने आए, जिसके बाद संबंधित उपभोक्ताओं पर जुर्माना भी लगाया गया है.
बिजली चोरी के खिलाफ चला विशेष अभियान
डुमरिया प्रखंड क्षेत्र में बिजली विभाग ने बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया. यह कार्रवाई कनीय विद्युत अभियंता (जेई) प्रदीप कुमार साह के लिखित आवेदन के आधार पर की गई.
मीटर बाइपास कर बिजली उपयोग करते पकड़ी गई उपभोक्ता
जेई प्रदीप कुमार साह ने बताया कि जांच के दौरान अदारचक गांव की कमला देवी को मीटर बाइपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया. इस मामले में उन पर 35,082 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
अन्य पांच उपभोक्ताओं पर भी लगा जुर्माना
विभाग ने केवला कला गांव की नैना देवी पर 27,587 रुपये, छोटका केवल गांव के अनिरुद्ध कुमार पर 6,740 रुपये, भंगिया गांव के याजदानी अंसारी पर 12,229 रुपये, क्यामुद्दीन मियां पर 21,970 रुपये तथा मोहम्मद मोबिन पर 23,238 रुपये का जुर्माना लगाया है. सभी मामलों में बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
आगे भी जारी रहेगा विभाग का अभियान
जेई प्रदीप कुमार साह ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने लोगों से वैध बिजली कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने की अपील की और कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
