फतेहपुर नगर पंचायत में पहली बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, कई वार्डों में जलजमाव से लोग परेशान

Gaya Ji News : फतेहपुर नगर पंचायत में पहली ही बारिश ने नगर निकाय की सफाई व्यवस्था की सच्चाई सामने ला दी है. कई वार्डों में जलभराव और नालियों से उठ रही बदबू ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की समुचित सफाई न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. वहीं, सफाई कर्मियों को तीन माह से वेतन न मिलने से भी कार्य प्रभावित हुआ था.

Gaya Ji News : फतेहपुर नगर पंचायत में मानसून की पहली ही बारिश ने सफाई व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी. मंगलवार रात हुई बारिश के बाद नगर पंचायत के कई वार्डों में जलजमाव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी भर जाने और नालियों से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई. इसका नतीजा यह हुआ कि पहली ही बारिश में कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल गया. इससे लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.

सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल

नगर पंचायत में इन दिनों वार्ड पार्षदों और मुख्य पार्षद के बीच चल रही खींचतान भी चर्चा का विषय बनी हुई है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसका असर सफाई व्यवस्था पर पड़ा है. उनका कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो आगामी बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं.

तीन माह तक वेतन नहीं मिलने से ठप रहा था सफाई कार्य

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला था. इसी कारण करीब 15 दिनों तक सफाई कार्य पूरी तरह ठप रहा. लगभग पांच दिन पहले 37 दिनों का भुगतान मिलने के बाद सफाई कर्मी दोबारा काम पर लौटे, लेकिन इस दौरान नालियों की नियमित सफाई नहीं हो सकी. पहली ही बारिश में इसका असर साफ तौर पर देखने को मिला.

जलजमाव दूर करने का दिया आश्वासन

नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शनी ने कहा कि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल नगरवासियों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन के दावे जमीन पर कितनी तेजी से उतरते हैं और जलजमाव की समस्या से उन्हें कब तक राहत मिलती है.

Also Read : रहुई के अंबेडकर नगर में टूटी सड़क और जाम नाले से बढ़ी परेशानी, जलजमाव से लोगों का जीना हुआ मुश्किल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Yuvraj Ratan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >