Gaya Ji Fertilizer Shop Raid : खरीफ सीजन के बीच किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर जिला कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को फतेहपुर प्रखंड के विभिन्न खाद दुकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया.
जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर एक खाद दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि छह दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
जिला कृषि पदाधिकारी ने गोपी मोड़, पहाड़पुर, फतेहपुर, जमहेता, डुमरीचट्टी सहित अन्य क्षेत्रों में खाद एवं उर्वरक विक्रेताओं की जांच की.
गोपी मोड़ स्थित प्रभु नारायण ट्रेडर्स में खाद, उर्वरक एवं कृषि संबंधी अन्य सामग्रियों का रेट चार्ट और स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया. इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए दुकान का लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया.
छह दुकानें मिलीं बंद, सभी दुकानदारों से मांगा गया स्पष्टीकरण
वहीं, फतेहपुर स्थित लक्ष्मी कृषि केंद्र, गणेश खाद भंडार, जमहेता के कृषि सेवा केंद्र, केसरी खाद भंडार, पिंटू खाद भंडार तथा ओम ट्रेडर्स जांच के दौरान बंद मिले.
इन सभी दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. जिला कृषि पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दुकानदारों में मचा हड़कंप, बंद रहीं कई गैर-लाइसेंसी दुकानें
छापेमारी की सूचना मिलते ही फतेहपुर क्षेत्र में खाद विक्रेताओं के बीच हड़कंप मच गया. बताया जाता है कि कई गैर-लाइसेंसी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए.
किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा: डीएओ
जिला कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
खाद एवं उर्वरक की बिक्री में नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
Also Read : गया जंक्शन पर जल्द शुरू होंगे प्रीमियम कैटरिंग स्टॉल, अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा क्वालिटी फूड
