शेरघाटी में दरवाजा काटकर घर में घुसे 10 बदमाश, परिवार को गनप्वाइंट पर बंधक बनाकर लाखों की संपत्ति ले गए

Gaya Ji News : शेरघाटी के घुज्जी गांव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने राजेंद्र यादव के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया. लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटकर बदमाश फरार हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

Gaya Ji News : गया जी के शेरघाटी थाना क्षेत्र के घुज्जी गांव में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया. अपराधी घर से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर आसानी से फरार हो गये.

इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाने की पुलिस और डीएसपी संदीप कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

साइड का दरवाजा काटकर घर में घुसे 8 से 10 अपराधी

पीड़ित राजेंद्र यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे आठ से दस की संख्या में अज्ञात बदमाश उनके घर के साइड वाले दरवाजे का ताला काट कर अंदर घुस आये. सभी अपराधियों के हाथों में आधुनिक हथियार थे. घर में उस समय वह स्वयं, उनकी पत्नी सुंदरी देवी और उनकी बेटी मौजूद थीं.

परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने अंदर घुसते ही पिस्टल दिखाकर पूरे परिवार को धमकाया और किसी भी प्रकार का विरोध करने पर सीधे जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद सभी को जबरन एक कमरे में बंधक बनाकर रहने के लिए मजबूर कर दिया गया.

डर के मारे शोर नहीं मचा सका पीड़ित परिवार

पीड़ित परिवार के बंधक बनने के बाद अपराधियों ने पूरे घर की अत्यंत बारीकी से तलाशी ली. उन्होंने घर की अलमारी, बक्से और अन्य कीमती सामान को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया तथा वहां रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी समेटकर चलते बने. सुंदरी देवी ने बताया कि बदमाश काफी देर तक बेखौफ होकर घर में रहे और आराम से सभी कमरों की तलाशी लेते रहे.

अपराधियों के पास हथियार होने के कारण डर से परिवार का कोई भी सदस्य शोर नहीं मचा सका. अपराधियों के भाग जाने के बाद ही आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गयी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया.

साक्ष्य जुटाकर अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश

इस गंभीर घटना की सूचना मिलने के बाद शेरघाटी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इसके साथ ही डीएसपी संदीप कुमार ने भी घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटनाक्रम की पूरी पूछताछ की. उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने और अपराधियों की जल्द धर-पकड़ का कड़ा निर्देश दिया.

पुलिस वर्तमान में आसपास के लोगों से जानकारी लेने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और उनकी त्वरित गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित बिंदुओं पर सघन जांच कर रही है.

नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग

इधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और लूट की इन वारदातों से ग्रामीणों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता काफी बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने और इन अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

बता दें कि इन दोनों थाना क्षेत्रों में बढ़ती चोरी की घटनाओं से शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी चोरों का भारी दहशत है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग डरे-सहमे हैं और पुलिस प्रशासन से चोरों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं.

Also Read : गया जी : बोरवेल में गिरने के बाद भी हाथ से नहीं छोड़ा मोबाइल, NDRF ने ‘अंकुशी’ तकनीक से बचाई जान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Anjani Pandey

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >