वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से फर्जी टीटीई गिरफ्तार, आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई

Gaya Ji News : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से एक फर्जी टीटीई को पकड़ा है. यह आरोपी एसी कोच में बिना वैध टिकट यात्रा कर रहा था और खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर यात्रियों को गुमराह कर रहा था. यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

Gaya Ji News : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 12329 वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के बेला निवासी अमर कुमार के रूप में हुई है. आरोपित एसी कोच में बिना वैध टिकट यात्रा कर रहा था और खुद को रेलवे का टिकट निरीक्षक बताकर यात्रियों तथा रेलवे अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था.

सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से मिली सूचना पर हुई कार्रवाई

सहायक कमांडेंट संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान डीडीयू सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 12329 अप वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एम-2 कोच में ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक विनोद कुमार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है, जो खुद को टीटीई बताकर यात्रा कर रहा है. सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट गया की टीम सक्रिय हो गई.

गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी ने की संयुक्त कार्रवाई

ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ पोस्ट गया के उप निरीक्षक इंद्र कुमार, ऑन ड्यूटी कमर्शियल स्टाफ सतीश कुमार (सीनियर सीसीटीसी), आशीष कुमार (सीनियर टीसी) तथा जीआरपी की संयुक्त टीम संबंधित कोच में पहुंची. मुख्य टिकट निरीक्षक विनोद कुमार ने लिखित मेमो के साथ संदिग्ध व्यक्ति को आरपीएफ के हवाले कर दिया.

फर्जी पहचान पत्र भी हुआ बरामद

तलाशी के दौरान आरोपित के पास से एक फर्जी टीटीई पहचान पत्र बरामद किया गया. जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि वह बिना वैध टिकट एसी कोच में यात्रा कर रहा था और रेलवे कर्मचारी होने का झूठा दावा कर यात्रियों एवं अधिकारियों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा था.

कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला

प्राथमिक जांच के बाद आरोपित को जीआरपी गया के सुपुर्द कर दिया गया. रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध कांड संख्या 185/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 204 और 336(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपित पहले भी इस प्रकार की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं तथा फर्जी पहचान पत्र कहां और कैसे तैयार कराया गया.

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

डीडीयू मंडल के आरपीएफ सीनियर कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि कोई व्यक्ति खुद को टीटीई या रेलवे कर्मचारी बताकर संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ, जीआरपी या रेलवे हेल्पलाइन पर दें. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि समय पर मिली सूचना और टिकट निरीक्षक की सतर्कता के कारण संभावित धोखाधड़ी की बड़ी घटना टल गई. आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >