गया जी: राजस्व कार्यों में लापरवाही पर डीएम ने की कार्रवाई, राजस्व अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा

जिलाधिकारी ने राजस्व कार्यों में गंभीर लापरवाही और लंबित मामलों के निपटारे में उदासीनता पर राजस्व अधिकारी राम कुमार रमन के खिलाफ कार्रवाई की है। ऑनलाइन डिमांड में हेराफेरी का मामला भी उजागर हुआ है।

Gaya ji News : गया जी जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. डीएम शशांक शुभंकर ने नगर अंचल, गया के राजस्व अधिकारी राम कुमार रमन के विरुद्ध गंभीर प्रशासनिक लापरवाही, लंबित मामलों के निपटारे में उदासीनता और राजस्व अभिलेखों में अनियमितता के आरोप में विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए आरोप पत्र राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना को भेज दिया है.

सैकड़ों आवेदन और म्यूटेशन मामले मिले लंबित

डीएम ने बताया कि समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के मामले अनावश्यक रूप से लंबित पाए गए. इसके अलावा आम-खास सूचना से जुड़े 213 आवेदन तथा 120 दिनों से अधिक समय से लंबित 388 मामलों का समय पर निपटारा नहीं किया गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.

जांच में सामने आई कई अनियमितताएं

जांच के दौरान कई दाखिल-खारिज मामलों में त्रुटिपूर्ण आदेश पारित किए जाने की बात भी सामने आई. वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी की जांच में भूमि संबंधी मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और तथ्यों के अनुरूप जांच नहीं करने की पुष्टि हुई. जांच प्रतिवेदन में कई गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है.

ऑनलाइन डिमांड में हेराफेरी का मामला भी उजागर

डीएम ने बताया कि जांच में ऑनलाइन डिमांड में गड़बड़ी का मामला भी सामने आया है. कुछ मामलों में जमाबंदी रद्द होने के बावजूद डिमांड को यथावत रखा गया, जिसे राजस्व अभिलेखों के संधारण में गंभीर अनियमितता माना गया है. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र गठित कर विभागीय कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है.

लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी : डीएम

डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि राजस्व कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और आम जनता के कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध राजस्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रमुख और उप प्रमुख ने जताई खुशी

नगर प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी और उप प्रमुख सतीश पटेल ने डीएम की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे आम लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rohit kumar singh

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >