Cyber Fraud Gaya Ji : गुरुआ के उपरडीह मुहल्ला निवासी फुटपाथी फल विक्रेता बिट्टू कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गये. शातिर बदमाशों ने एटीएम कार्ड बदलकर उनके बैंक खाते से कुल 61 हजार 800 रुपये निकाल लिए. इस घटना के बाद पीड़ित फल विक्रेता गहरे आर्थिक संकट में आ गया है. बताया जाता है कि बिट्टू कुमार गुरुआ बस स्टैंड के समीप फुटपाथ पर फल बेचकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. उनका खाता बिहार ग्रामीण बैंक में है, जिसके माध्यम से वे अपने फल कारोबार का लेन-देन करते हैं.
मदद के बहाने बदला एटीएम
पीड़ित के अनुसार, बुधवार को वह गुरुआ स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम से रुपये निकालने गये थे. कई प्रयासों के बाद भी जब मशीन से पैसे नहीं निकले, तो इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड अपने हाथ में ले लिया. उस व्यक्ति ने मशीन में कार्ड लगाने का नाटक किया और कुछ ही देर बाद बिट्टू को धोखे से दूसरा फर्जी कार्ड थमा दिया. उस समय बिट्टू को इस बात का बिल्कुल भी आभास नहीं हुआ कि उनका असली एटीएम कार्ड बदल दिया गया है.
पासबुक अपडेट कराने पर खुली ठगी की पोल
कार्ड बदलने के बाद शातिर ठग ने अगले दो दिनों के भीतर बिट्टू के खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन (लेन-देन) के माध्यम से कुल 61 हजार 800 रुपये उड़ा लिए. जब पीड़ित फल विक्रेता अपने बैंक (बिहार ग्रामीण बैंक) पहुंचा और वहां अपनी पासबुक अपडेट करायी, तब जाकर उसे इस बड़ी ठगी की जानकारी मिली. खाते से पैसे गायब देख बिट्टू के होश उड़ गए. इसके बाद उसे समझ में आया कि एटीएम बूथ पर मदद का नाटक करने वाला अज्ञात व्यक्ति ही असल में एक शातिर ठग था, जिसने चालाकी से उसका पिन नंबर देखकर कार्ड बदल लिया था.
थानाध्यक्ष बोले- आवेदन मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
इधर, इस पूरे मामले के संबंध में गुरुआ के थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि पुलिस को इस घटना के विषय में अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पीड़ित द्वारा लिखित आवेदन मिलने पर पुलिस तुरंत मामले की जांच शुरू करेगी और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : श्रावणी मेले के लिए गया जी से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, कांवरियों का सफर होगा आसान
