गया जी : दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय में एडमिशन का मौका, 24 UG कोर्सेज का पहला कट-ऑफ जारी, जानें डिटेल्स

दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUSB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 24 स्नातक पाठ्यक्रमों का पहला कट-ऑफ जारी कर दिया है. योग्य उम्मीदवार 23 जुलाई तक अपनी प्रवेश फीस जमा कर सकते हैं. मेरिट लिस्ट 30 जुलाई को जारी होगी.

CUSB UG Admission 2026 : दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) ने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का इंतजार कर रहे छात्रों को बड़ी खुशखबरी दी है. बोधगया स्थित इस प्रतिष्ठित विवि ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 24 स्नातक (यूजी) कोर्सेज का पहला कट-ऑफ जारी कर दिया है. सफल उम्मीदवार अब निर्धारित तिथि तक अपनी फीस जमा करके मनपसंद पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं.

आधिकारिक वेबसाइट पर जारी हुई अधिसूचना

सीयूएसबी के परीक्षा नियंत्रक डॉ शांतिगोपाल पाइन ने कट-ऑफ को लेकर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cusb.ac.in पर अधिसूचना जारी कर दी है. जन संपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि रजिस्ट्रेशन करा चुके योग्य अभ्यर्थी 23 जुलाई तक अपनी प्रवेश फीस जमा कर सकते हैं. प्रवेश शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना पूरी तरह अनिवार्य है.

24 पाठ्यक्रमों की 858 सीटों पर होगा दाखिला

परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि इस अकादमिक सत्र में 24 स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 858 सीटों पर एडमिशन लिया जाएगा. इनमें पांच वर्षीय एकीकृत बीए एलएलबी, चार वर्षीय बीएससी कृषि और दो वर्षीय डीफार्मा जैसे अहम कोर्सेज शामिल हैं. इसके अलावा कई प्रमुख विषयों में पांच वर्षीय एकीकृत यूजी-पीजी कार्यक्रम के लिए भी दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

30 जुलाई को जारी की जाएगी मेरिट लिस्ट

उप कुलसचिव कुमार कौशल के अनुसार चयनित अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के लिंक https://cusbcuet.samarth.edu.in के जरिए 23 जुलाई तक अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं. इसके बाद 30 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नामांकित विद्यार्थियों की क्रमवार मेरिट लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा. वहीं चार अगस्त से नए सत्र की नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा.

अभ्यर्थी यहां से ले सकते हैं मदद

नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने हेल्पलाइन डिटेल्स भी जारी किए हैं. किसी भी समस्या या सहायता के लिए अभ्यर्थी सीधे ugadmission@cusb.ac.in पर ई-मेल भेजकर अपनी परेशानी दूर कर सकते हैं. इसके अलावा आधिकारिक फोन नंबर 9472979367 और 0631-2229512 पर कॉल करके वर्तमान स्थिति की ताजा जानकारी ली जा सकती है.

Also Read : गया जी के टनकुप्पा से 9 दिनों से महिला रहस्यमय तरीके से लापता, पति ने दर्ज कराई FIR


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kalendra pratap singh

Published by: Sakshi Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >