महीनों से संपूर्ण देश के छात्र, नौजवानों, कांग्रेस एवं विपक्षी दलों व सामाजिक कार्यकर्ताओं के लगातार धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और संसद से सड़क तक चरणबद्ध आंदोलन के बाद भी नीट पेपर लीक तथा सीबीएसई परीक्षा परिणाम में धांधली के खिलाफ कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग अनसुनी किए जाने के विरोध में शुक्रवार को गया जी के केपी रोड स्थित गांधी चौक पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की मांग की.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
सत्याग्रह कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार 'झुन्ना' ने की.
इस कार्यक्रम में पार्टी के बिहार प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, अमित कुमार उर्फ रिंकू सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, दामोदर गोस्वामी, सैफुल्ल इस्लाम, मदीना खातून, शौकत नवाब अली, रंजीत सिंह, ओंकार शक्ति, अर्जुन गुप्ता, चंदन कुमार महतो, शंभु शर्मा, बबलू कुमार, परशुराम सिंह, मनोज मालाकार, सोहराब खान, शिवनाथ प्रसाद, विनोद श्रीवास्तव सहित कई अन्य प्रमुख नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए.
12 वर्षों में 150 बार पेपर लीक का आरोप
सत्याग्रह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के 150 बार से अधिक पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं. इसे सहते-सहते अब देशभर के छात्रों का गुस्सा ज्वालामुखी बनकर फूट रहा है. अब देश के छात्र और युवा धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से हटाए बिना मानने वाले नहीं हैं.
25 जुलाई को सभी प्रखंडों में होगा पुतला दहन
सत्याग्रह के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने अपनी प्रमुख मांगें दोहराते हुए कहा कि:
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त किया जाए.
- संसद के सदन में इस विषय पर विस्तृत बहस कराई जाए.
- प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लिया जाए.
- छात्रों के साथ मारपीट और अभद्रता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए.
नेताओं ने स्पष्ट किया कि इन मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा. इसी क्रम में 25 जुलाई को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनकी बर्खास्तगी की मांग की जाएगी.
Also Read : नालंदा : झमाझम बारिश से राजगीर के कई इलाकों में जलजमाव, सड़कों पर बहने लगा नालों का पानी
