बेलागंज थाना क्षेत्र के दल्ली बिगहा फल्गु नदी के बधार में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है. इस दौरान एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया, जबकि भट्ठी संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा.
दल्ली बिगहा फल्गु नदी क्षेत्र में पुलिस ने मारा छापा
थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को बताया कि अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी की गुप्त सूचना के आधार पर एसआई राजन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने दल्ली बिगहा फल्गु नदी क्षेत्र में छापेमारी की.कार्रवाई के दौरान 50 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गई तथा मौके से चाकन्द थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव निवासी मुन्ना मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया.
थानाध्यक्ष ने कहा-धंधेबाज को भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान अवैध शराब की भट्ठी संचालित करने वाला पप्पू यादव पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
पुलिस ने कहा-जारी रहेगा अभियान
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
