गया जी : सुखाड़ी नदी में पानी के तेज बहाव से टूटी छोटी पुलिया, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा, आवागमन ठप

गया जी के इमामगंज प्रखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. सुखाड़ी नदी पर बनी एक छोटी पुलिया के बह जाने से दर्जनों गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है. ग्रामीण जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं.

गया जी के इमामगंज प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही रुक-रुक कर बारिश ने ग्रामीण इलाकों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं. मंझौली पंचायत के जिरवातरी-उमान मुख्य सड़क पर सुखाड़ी नदी में बनी छोटी पुलिया (छलटा) तेज पानी के बहाव में शुक्रवार की रात बहकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

पुलिया के टूट जाने से जिरवातरी, उमान, मालहाजोत, कलमी, सेवती, फुलवारी सहित दर्जनों गांवों का संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया है और लोगों का आवागमन लगभग ठप पड़ गया है. यह सड़क क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए एक प्रमुख संपर्क मार्ग है.

जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीण

पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी और टूटे रास्ते से गुजरने को विवश हैं. हालात ऐसे हो गए हैं कि साइकिल और दोपहिया वाहन भी इस मार्ग से अब नहीं निकल पा रहे हैं. इस समस्या से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, गंभीर मरीजों, किसानों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क वर्षों से इस पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा रही है.

इसके टूट जाने से लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और बरसात के मौसम में हर दिन नदी पार करना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है.

स्थायी पुल बनाने की मांग

ग्रामीण मुकेश कुमार, चंदन कुमार और राजेश प्रसाद ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पुलिया का तत्काल निर्माण कराने तथा भविष्य में यहां एक स्थायी पुल बनाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि इसकी शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई, तो बरसात के दौरान किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल क्षेत्र के लोगों की निगाहें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की त्वरित कार्रवाई पर टिकी हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई, तो बारिश के पूरे मौसम में दर्जनों गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

Also Read : गया जी में विष्णुपद कॉरिडोर के साथ दशावतार मंदिर की तैयारी, भगवान विष्णु के 10 रूपों की लगेगी मूर्ति


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >