Bodhgaya Pitru Paksha Preparation : विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला के सफल, सुगम एवं सुरक्षित आयोजन की तैयारियों के क्रम में सोमवार को डीएम शशांक शुभंकर ने बोधगया अंतर्गत प्रमुख पिंडदान स्थलों यथा धर्मारण्य, सरस्वती एवं मातंगवापी वेदियों का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों को उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना रहा.
सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
स्वच्छता एवं जलापूर्ति को लेकर वेदी परिसरों एवं प्रमुख पहुंच पथों की 24 घंटे नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर पर्षद एवं संबंधित एजेंसियों को दिया गया. श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय, चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल टैंकर एवं प्याऊ की व्यवस्था अविलंब पूर्ण करने को कहा गया.
सीसीटीवी से निगरानी, प्रकाश व्यवस्था व ट्रैफिक प्लान के आदेश
पिंडदानियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, वॉच टावर और उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
साथ ही, सभी वेदियों, संपर्क मार्गों एवं पार्किंग स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा हाई-मास्ट/एलईडी लाइट लगाने का आदेश दिया गया. बोधगया क्षेत्र में वाहनों के सुगम परिचालन हेतु समुचित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तथा वेदियों के समीप सुनियोजित पार्किंग स्थल विकसित करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को पैदल चलने में असुविधा न हो.
स्वास्थ्य सेवा, एसडीआरएफ टीम और बैरिकेडिंग की अनिवार्य व्यवस्था
वेदी स्थल के निकट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सचल (मोबाइल) मेडिकल टीम, एम्बुलेंस तथा जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया. मातंगवापी जलाशय क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में गोताखोरों, एसडीआरएफ टीम एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था अनिवार्य की गई है. वेदी स्थल वे समीप नदी के किनारों/ घाटों पर गहरे पानी को देखते हुए बैरिकेडिंग किए जाने का निर्देश दिया गया है.
'मे आई हेल्प यू' बूथ और बीटीएमसी में आयोजित समीक्षा बैठक
तीर्थयात्रियों के मार्गदर्शन एवं सहायता के लिए ''मे आई हेल्प यू'' बूथ तथा उद्घोषणा सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश दिए गये . डीएम ने स्पष्ट कहा कि पितृपक्ष मेला में आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री को गया जी में अतिथि देवो भवः की भावना के अनुरूप अनुभव मिलना चाहिए. किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं किए जाने का निर्देश दिया गया है.
Also Read : गया जी : प्रेतशिला में पितृपक्ष मेला की तैयारी तेज, 20 दिन में श्रद्धालुओं के लिए दुरुस्त होंगी ये सुविधाएं
सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं व पदाधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर सभी बुनियादी कार्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी गयी. डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी को बोधगया के लिये विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करवाने का निर्देश दिया है .
निरीक्षण के दौरान नगर पर्षद की अध्यक्ष, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था, सहायक समाहर्ता, सदर एसडीओ, बोधगया डीएसपी, बीडीओ, कार्यपालक पदाधिकारी तथा पंडा समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे. निरीक्षण के बाद डीएम ने बीटीएमसी कार्यालय में बैठक की जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष पूर्वी विजय मांझी, नगर पर्षद अध्यक्ष ललिता देवी सहित अन्य शामिल हुए .
