Bodh Gaya Drowning Incident : बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव के पास गुरुवार की दोपहर निरंजना नदी में डूबने से हथियार गांव के 35 वर्षीय जतन मांझी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रामबालक मांझी के बेटे जतन मांझी नदी किनारे शौच के लिए गए थे.
इसी दौरान बालू खनन से बने गहरे गड्ढे में भरे पानी में कुछ बच्चे स्नान कर रहे थे. नहाने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में डूबने लगा. बच्चे को बचाने के लिए जतन मांझी पानी में उतर गए, लेकिन गहरे गड्ढे में बने दलदल में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई. हालांकि, सभी बच्चे सुरक्षित बचा लिए गए.
Also Read : गया जी के विष्णुपद मंदिर समेत 60 स्थानों का फायर ऑडिट, 40 भवनों में मिली अग्नि सुरक्षा की कमी
ग्रामीणों का आक्रोश और बालू खनन के आरोप
घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है व उनका आरोप है कि नदी से लगातार बालू खनन किए जाने के कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरने से यह जानलेवा बन गई है. ग्रामीणों ने गांव के समीप बालू खनन पर रोक लगाने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
परिवार की स्थिति और पुरानी घटनाएं
ग्रामीणों ने बताया कि जतन मांझी परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके सात बच्चे हैं और पूरा परिवार उन्हीं पर निर्भर था. ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी बालू खनन से बने गड्ढे में डूबने से कई लोगों की जान जा चुकी है.
