Bodh Gaya News : बोधगया थाना क्षेत्र के बकरौर और रत्ती बिगहा के सिमाने पर स्थित मनोज कुमार के बंद घर से चोरों ने डेढ़ लाख रुपए नकद सहित सोने चांदी के आभूषण व बर्तन मिलकर कुल 19 लाख 50 हजार की चोरी कर ली.
इस संबंध में पीड़ित मनोज कुमार ने बोधगया थाने में आवेदन देकर कहा है कि वह और उनकी पत्नी आठ सितंबर को अपनी-अपनी ड्यूटी पर चले गए थे. पत्नी रूपम कुमारी ड्यूटी पर पटना चली गयी थी.
वापस लौटने पर खुलासा
नौ सितंबर को जब वह वापस लौटे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा का ताला टूटा हुआ था और अंदर जाने के बाद उन्होंने देखा कि उनके घर में रहे सोने के विभिन्न आभूषण जिनकी कीमत 16 लाख 50 हजार, चांदी के विभिन्न आभूषण जिनकी कीमत 55 हजार, एक लाख के बर्तन के साथ ही घर में रखे डेढ़ लाख रुपए नगद की चोरी कर ली गयी है.
सामान बरामदगी की गुहार
आवेदन में उन्होंने कहा है कि कुल 19 लाख 50 हजार की चोरी की गई है. इस संबंध में उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि चोरों की पहचान कर उनकी चोरी गई सामान व रुपए को बरामद किया जाये.
मामले की जांच शुरू
इस संबंध में बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और चोरों की पहचान की जा रही है.
क्षेत्र में दहशत का माहौल
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों के अंतराल के बाद चोरों ने पहले बोधगया के पश्चिमी इलाके दोमुहान क्षेत्र में तांडव मचाया और अब बोधगया के पूर्वी क्षेत्र में भी बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया है. इसे लेकर लोग अब अपने घरों को बंद कर आवश्यक कार्य से भी बाहर निकलने से परहेज करने लगे हैं.
