प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. अभियान को लेकर शनिवार को मोहनिया की विधायक संगीता कुमारी ने शहर के नई बाजार स्थित कृष्णा होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
रक्तदान व आशीर्वाद का दीया
विधायक ने बताया कि 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में रक्तदान शिविर और जनसेवा के कार्यक्रम होंगे. शाम को बूथ स्तर पर घरों व मंदिरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा. इसके अलावा सेवा ज्योति कलश यात्रा, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थियों की ‘कहानी बदलाव की’ को सामने लाया जाएगा.
चित्रांकन व रंगोली प्रतियोगिता
अभियान के तहत बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता और महिलाओं की रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी. विधायक ने बताया कि युवाओं के नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ‘सेवा इनोवेशन’, तथा सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा सेतु’ अभियान चलाया जाएगा.
स्वच्छता अभियान व कृतज्ञता दिवस
2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान और श्रमदान होगा, जबकि सात अक्टूबर को कृतज्ञता दिवस मनाया जाएगा. अभियान के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए देशभर में 25 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद नेता
मौके पर जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश उर्फ चिंटू सिंह, अति पिछड़ा आयोग के सदस्य अमित कुमार दांगी, जिला महामंत्री कौशल वर्मा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य संतोष देव सिंह, विनय प्रसाद, अरुण चंद्रवंशी व रजनीश सिंह सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
