Daradha River Missing Girl : गया जी के पाई बिगहा थाना क्षेत्र के दरधा नदी में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. नदी के समीप घूमने गई 15 वर्षीय किशोरी का पैर फिसल जाने के कारण वह पानी के तेज बहाव में बह गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई.
15 वर्षीय नेहा कुमारी लापता
लापता किशोरी की पहचान बसी बिगहा गांव निवासी पंकज महतो की 15 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग भी नदी किनारे जुटकर किशोरी की तलाश में सहयोग कर रहे हैं.
स्थानीय गोताखोरों से कराई खोजबीन
घटना की सूचना मिलने के बाद पाई बिगहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में किशोरी की तलाश कराई. थानाध्यक्ष उमेश राम ने बताया कि काफी प्रयास और लगातार खोजबीन के बावजूद देर शाम तक किशोरी का कोई पता नहीं चल सका है.
Also Read : गया जी : बारिश में टापू बन जाता है भगहर गांव, 18 साल की बीमार युवती को नदी पार कर अस्पताल ले गए ग्रामीण
अंचलाधिकारी व SDRF को सूचना
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गई है और SDRF (एसडीआरएफ) टीम को भी सूचित कर दिया गया है. मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ टीम के पहुंचने की संभावना है.
व्यापक स्तर पर चलेगा अभियान
मंगलवार को एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद नदी में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाकर किशोरी को खोजने का प्रयास किया जाएगा. पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
