देशव्यापी बैंक हड़ताल का व्यापक असर गया जी जिले के परैया प्रखंड में देखने को मिला. बैंक यूनियनों के आह्वान पर की गयी हड़ताल के कारण पंजाब नेशनल बैंक की परैया शाखा पर ताला लटका रहा, जिससे दिनभर बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप रहा. ग्रामीण इलाकों में हड़ताल की पूर्व सूचना नहीं होने के कारण सुदूरवर्ती गांवों से आये ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
मायूस लौटे ग्राहक
बैंक पहुंचे उपभोक्ताओं को ताला बंद मिला, तो वे बिना कोई काम कराये मायूस होकर वापस लौट गये. बैंक बंद रहने से रोजमर्रा के लेन-देन, पेंशन निकासी और व्यापारिक जमा-निकासी के काम रुक गये.
बुजुर्गों व किसानों की आफत
पासबुक अपडेट कराने और केवाइसी संबंधी कार्य कराने पहुंचे बुजुर्गों व किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी.
समय और पैसा बर्बाद
दूर-दराज के गांवों से किराया खर्च कर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व सूचना नहीं मिलने के कारण उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ.
बैंकिंग कामकाज ठप
शाखा बंद रहने के कारण प्रखंड क्षेत्र में दिनभर आर्थिक लेन-देन पूरी तरह प्रभावित रहा और लोग जरूरी कार्यों के लिए भटकते रहे.
