प्रखंड क्षेत्र के बजैदा गांव में तेज बारिश के कारण ग्रामीण सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया. शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क का जायजा लिया तो पानी के तेज बहाव से सड़क में 50 प्रतिशत से अधिक कटाव मिला. सड़क क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों के लोगों के आवागमन में परेशानी बढ़ गयी है.
तेज बहाव से कटकर बह गयी सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है. शुक्रवार की सुबह पानी के तेज बहाव के कारण बजैदा गांव की ग्रामीण सड़क का एक बड़ा हिस्सा कटकर बह गया. सड़क में कटाव होने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है. ग्रामीण क्षतिग्रस्त सड़क से होकर किसी तरह आने-जाने को मजबूर हैं.
पानी का दबाव बढ़ने से सड़क को नुकसान
बजैदा निवासी शीशपाल उर्फ लालू ने बताया कि तेज बारिश के कारण फाइन में पानी का बहाव काफी बढ़ गया था. पानी का दबाव बढ़ने के बाद तेज बहाव से ग्रामीण सड़क का बड़ा हिस्सा कटकर बह गया. सड़क में अधिक कटाव होने के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है. जरूरी काम के लिए आने-जाने में भी ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है.
मरम्मत नहीं हुई तो टूट सकता है संपर्क
ग्रामीणों ने बताया कि यदि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं करायी गयी तो बची हुई सड़क भी पानी के तेज बहाव में बह सकती है. इससे आसपास के कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूटने की आशंका है.
अधिकारियों से जल्द मरम्मत कराने की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द निरीक्षण कराने और मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से लोगों का आवागमन सामान्य हो सकेगा.
