गया जी के कोंच प्रखंड अंतर्गत आंती थाना क्षेत्र के बरई गांव में पुराने मामले में गवाही देने की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद दोनों पक्षों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
प्रथम पक्ष के पिंटू कुमार (पिता सकलदेव मिस्त्री) ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जब वे अपने खेत की ओर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाकर बैठे अनुज कुमार ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
वहीं दूसरे पक्ष के अनुज कुमार ने पिंटू कुमार पर हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे खेत देखने गए थे, तब पिंटू कुमार ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में उनकी आंख के ऊपर भौंह फट गई और वे गंभीर रूप से चोटिल हो गए. उन्होंने मारपीट करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है.
क्या कहती है पुलिस
आंती थानाध्यक्ष दीपक कुमार राव ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर कांड संख्या 86/26 एवं 87/26 दर्ज कर ली गई है और मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
