Gayaji News : गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की एनएसएस इकाई की ओर से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के चौथे संस्करण के तहत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्राचार्य डॉ सीमा पटेल के संरक्षण में आयोजित प्रतियोगिता में एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. छात्राओं ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रंग-बिरंगे पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
अंजली कुमारी ने हासिल किया पहला स्थान
प्रतियोगिता में एनएसएस स्वयंसेवक अंजली कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. नैना कुमारी द्वितीय और अखौरी रागिनी तृतीय स्थान पर रहीं. निर्णायक मंडल ने छात्राओं के पोस्टर का चयन विषय-वस्तु, कल्पनाशीलता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया.
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाले पोस्टरों की सराहना
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी और निर्णायक मंडल की सदस्य एनसीसी सीटीओ डॉ नगमा शादाब, सेहत केंद्र प्रभारी डॉ प्रियंका कुमारी व डॉ बनीता कुमारी ने प्रतियोगिता में छात्राओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया. प्राचार्य डॉ सीमा पटेल ने विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया.
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं में रचनात्मकता के साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी.
