Gaya Ji News : प्रखंड क्षेत्र की दुबहल पंचायत अंतर्गत छोटका करासन गांव निवासी आदर्श नवीन ने नीट (NEET) 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. दूसरे प्रयास में आदर्श ने 720 में से 641 अंक प्राप्त किए हैं. उन्हें ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2160 तथा कैटेगरी रैंक 764 हासिल हुई है.
परिवार ने बताया, बचपन से ही पढ़ाई में थे मेहनती और अनुशासित
आदर्श के पिता कुलेंद्र प्रसाद सिंह स्वास्थ्य विभाग में लिपिक हैं, जबकि उनकी माता मंजुला रानी शिक्षिका हैं. आदर्श के बड़े भाई एवं पूर्व पैक्स अध्यक्ष अजीत कुमार मंटू ने बताया कि आदर्श बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर, मेहनती और अनुशासित रहे हैं. उनकी लगन और निरंतर मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की.
सफलता से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल
आदर्श नवीन की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे प्रखंड और गांव में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है.
लोगों ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
आदर्श की सफलता पर मनीष रमण, प्रवीण प्रकाश सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. लोगों ने विश्वास जताया कि आदर्श आगे भी अपनी प्रतिभा से क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करेंगे.
