सात किमी के बाद पड़ोसी राज्य में आराम से मिलेगी शराब!
डुमरिया (गया): राज्य में पूर्ण शराबबंदी के बाद बिहार से सटे झारखंड के सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गयी है. पैट्रोलिंग भी जारी है. गया जिले के डुमरिया प्रखंड मुख्यालय से झारखंड सीमा की दूरी मात्र सात किलोमीटर है. कबिसा नदी ही बिहार व झारखंड को बांटती है. पर, अभी इस सीमा पर चेकपोस्ट […]
डुमरिया (गया): राज्य में पूर्ण शराबबंदी के बाद बिहार से सटे झारखंड के सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गयी है. पैट्रोलिंग भी जारी है. गया जिले के डुमरिया प्रखंड मुख्यालय से झारखंड सीमा की दूरी मात्र सात किलोमीटर है. कबिसा नदी ही बिहार व झारखंड को बांटती है. पर, अभी इस सीमा पर चेकपोस्ट नहीं लगाया गया है.
सीमा पर स्थित डुमरिया प्रखंड के विशुनपुर गांव टोला तरीपर के कुछ लोगों की मानें, बिहार पुलिस की चौकसी है, बावजूद इसके झारखंड की सीमा पर बसे गांव नौडिहा बाजार, जमुआ, पड़रिया व हबरूआ से अब भी लोग शराब खरीद रहे हैं. मुख्य मार्ग से नहीं, बल्कि पगडंडी के जरिये डुमरिया इलाके में शराब लाकर पी रहे हैं.
इस संदर्भ में डुमरिया थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि झारखंड की शराब की घुसपैठ रोकने के लिए बिहार-झारखंड की सीमा कबिसा नदी पर चौकसी बढ़ायी गयी है. मुख्य मार्ग से आनेवाले वाहनों की जांच भी की जा रही है, ताकि झारखंड की आेर से शराब की घुसपैठ न हो सके.