आंगनबाड़ी सेविका के बेटे ने BPSC में लहराया परचम, लाखों का पैकेज छोड़ बने डिप्टी कलेक्टर

70th BPSC Result 2026 : गया जिले के शेरघाटी प्रखंड के रहने वाले प्रवीण कुमार ने बीपीएससी परीक्षा में सफलता पाई है. उनका चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है.

शेरघाटी से नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
70th BPSC Result 2026 :
शेरघाटी प्रखंड के बार भरारी गांव के रहने वाले प्रवीण कुमार ने अपनी कठिन मेहनत और लगन के बल पर बीपीएससी (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. उनका चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है. शनिवार की देर शाम जैसे ही परीक्षा का रिजल्ट घोषित हुआ, पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया. ग्रामीणों और परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया.

प्रवीण कुमार की मां सुशीला देवी एक आंगनबाड़ी सेविका हैं, जबकि उनके पिता वीरेंद्र चौधरी एक ग्रामीण चिकित्सक हैं. बेटे की इस बड़ी कामयाबी से माता-पिता सहित पूरे गांव का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है.

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी छोड़ संजोया प्रशासनिक सेवा का सपना

प्रवीण कुमार कुल दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटे हैं. उनके बड़े भाई सीआरपीएफ (CRPF) में कांस्टेबल के पद पर देश की सेवा कर रहे हैं. प्रवीण शुरू से ही पढ़ाई में काफी तेज रहे हैं. उनकी प्रारंभिक शिक्षा नकलूप्पा स्कूल से शुरू हुई, जिसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय से दसवीं की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी (IIT) खड़गपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की.

Also Read: पिता खेतों में करते हैं काम, मां आंगनबाड़ी में सेविका, SDM बनी गया जी की बेटी की कहानी पढ़िए

पढ़ाई पूरी करने के बाद वे पिछले चार साल से एक प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे, लेकिन उनका असली सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना था.

यूपीएससी इंटरव्यू तक का तय कर चुके हैं सफर

अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रवीण लगातार प्रयास करते रहे. उन्होंने बताया कि साल 2024 में उन्होंने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली यूपीएससी (UPSC) की मुख्य परीक्षा भी पास कर ली थी, लेकिन तब वे इंटरव्यू के दौर से आगे नहीं बढ़ सके थे. इस असफलता से निराश होने के बजाय उन्होंने अपनी कमी को सुधारा और बीपीएससी में यह बड़ा मुकाम हासिल किया.

Also Read: गया जी के रागिब बनेंगे SDM, प्रशांत बने BDO, सद्दाम हुसैन का DSP पद पर चयन

अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा

प्रवीण ने बताया कि उन्हें अपनी मेहनत पर पूरा भरोसा था और वे पहले से ही बेहतर रिजल्ट की उम्मीद कर रहे थे. ग्रामीण परिवेश से निकलकर हासिल की गई प्रवीण की यह सफलता आज क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है.

Also Read: 70वीं BPSC परीक्षा पास कर गया जी के प्रशांत कुमार बने BDO, गांव से निकलकर मेहनत के दम पर हासिल की सफलता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों से जुड़ी हाइपरलोकल खबरों, शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार के विषयों पर समाचार लेखन का कार्य कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >