गया : पैर छूकर प्रणाम नहीं करने पर मगध मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित आजाद बिगहा के पथरौरा महादलित टोले में राजू मांझी को जिंदा जलाने का प्रयास करने व घर में आग लगाने के मामले पर डीएम अभिषेक सिंह ने सख्ती दिखायी, तो मगध मेडिकल थाने के चपरदह गांव के कारू सिंह व गैन सिंह के विरुद्ध शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी. डीएम ने मीडियाकर्मियों को बताया है कि मामला गंभीर है. पुलिस के वरीय अधिकारियों को इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है.
इधर, शनिवार की सुबह पूर्व सांसद रामजी मांझी, विधान पार्षद संतोष मांझी, राजद जिलाध्यक्ष नेजाम भाई, राजद नेता विनय कुमार यादव, सतीश कुमार दास, मुखिया हरदेव यादव, सुनील यादव सहित अन्य वरीय नेताओं ने पीड़ित परिवार के घर का दौरा किया और घटना की जानकारी ली. साथ ही नेताओं ने मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती राजू मांझी से मुलाकात की और मामले की जानकारी ली.
टिकारी में भी हुई दबंगई से राजद नेता हुए रूबरू :टिकारी थाने के अलालपुर गांव में दबंगों के द्वारा एक विशेष जाति के कई लोगों पर किये गये जानलेवा हमले में घायल हुए लोगों से पूर्व सांसद रामजी मांझी, राजद जिलाध्यक्ष नेजाम भाई, राजद युवा नेता विनय कुमार यादव, राजद युवा जिलाध्यक्ष सतीश कुमार दास, मुखिया हरदेव यादव सहित अन्य लोगों ने मुलाकात की. साथ ही पीड़ितों से घटना की जानकारी प्राप्त की. घायल पड़े चंद्रेश्वर यादव ने बताया कि शुक्रवार को हुए हमले में एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. हमलावरों ने सभी लोगों को घेर कर पीटा है. इस मामले में राजद नेताओं ने एसएसपी राजीव मिश्रा से दोषियों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है.
हुजूर, पैर छूकर प्रणाम नहीं किया, तो घर को फूंका और पति-पत्नी को किया अधमराघायल राजू मांझी ने नेताओं को बताया कि उसकी गलती बस इतनी थी कि ऊंची जाति के लोगों को पैर छूकर प्रणाम नहीं किया. प्रणाम नहीं करने पर हमलावरों ने उसे उसके घर में ही जिंदा जलाने का प्रयास किया. इसमें वे असफल रहे तो मारपीट कर घायल कर दिया और घर में आग लगा दी.
इससे उनकी पत्नी भी घायल हो गयी. उसने बताया कि घर के सारे सामान जल कर राख हो गये हैं. जिस साइकिल से वह काम करने जाया करता था वह साइकिल भी आगलगी में नष्ट हो गयी है. वहीं, परिवार की महिलाओं ने बताया कि गांव के ही किसी विशेष जाति के लोग मुफ्त में अपने घरों में गाय का गोबर उठाना, बच्चों को तेल लगवाने चाहते थे. इस बात से जब राजू ने इंकार किया तो गुस्से में आकर पिटाई की और घर को आग के हवाले कर डाला. पुरसाहाल में अस्पताल पहुंचे नेताओं ने एसएसपी राजीव मिश्रा से दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की मांग की है.
भाकपा-माले ने की गिरफ्तारी की मांग
मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के आजाद बिगहा टाेला पथराैरा अनुसूचित जाति टाेले में हमला कर राजू मांझी की पिटाई करने व विराेध करने पर फुस के घर में आग लगाने की घटना में शामिल लाेगाें काे तत्काल गिरफ्तार करने की मांग भाकपा-माले ने की है
.
भाकपा-माले की टीम में पार्टी के जिला सचिव निरंजन कुमार, ऐपवा की जिला सचिव रीता बरनवाल, आइसा नेता विकास कुमार रंजन व इंद्रन पासवान शनिवार काे गांव गयी आैर पीड़िताें से पूछताछ की. उनके घर का मुआयना किया. नुकसान काे देखा आैर प्रशासन से मांग की. उन्हाेंने राज्य में बढ़ते अपराध, हत्या, अपहरण, लूट, बलात्कार की घटना के विराेध में नाै जनवरी काे बिहार बंद के आह्वान काे सफल बनाने की अपील की है.
