बोधगया : राज्य सरकार द्वारा पॉलीथिन कैरी बैग के इस्तेमाल पर रोक लगाने के बाद अब पॉलीथिन का उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है.
इसी क्रम में गुरुवार को बोधगया के गोदाम रोड में करीब 40 दुकानों में छापेमारी की गयी व उनके पास से चार किलो पॉलीथिन कैरी बैग जब्त किये गये. गांधी चौक से मौसा मोड़ तक की गयी छापेमारी में दुकानदारों को चेतावनी भी दिया गया कि पॉलीथिन का उपयोग किसी भी हाल में नहीं करना है.
बोधगया नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि करीब 40 दुकानों से चार किलो पाॅलीथिन कैरी बैग जब्त किये गये व दो दुकानदारों से तीन हजार रुपये बतौर जुर्माना भी वसूला गया. उन्होंने बताया कि बोधगया नगर पंचायत क्षेत्र में हर दिन पॉलीथिन के खिलाफ छापेमारी की जायेगी व यह अभियान पॉलीथिन मुक्त होने तक जारी रहेगा. इसके लिए एक टीम का भी गठन किया गया है.
