गया : पकड़े गये आरोपित की जेब से पैंथर जवान द्वारा जबरन पैसे निकालने के मामले में जांच व जांच के आधार पर कार्रवाई करने में जिला पुलिस के अधिकारियों को दो वर्ष से अधिक समय लग गया. भ्रष्टाचार का आरोप सिद्ध होने पर पैंथर जवान पप्पू कुमार को एसएसपी ने बर्खास्त कर दिया है.
एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि 2016 के सितंबर में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पप्पू व अन्य तीन पर सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया गया था. जांच में पप्पू पर आरोप साबित हो गया है. इस मामले में सिपाही पप्पू कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है.
बताया जाता है कि सिपाही पप्पू कुमार व अन्य तीन पैंथर के जवान एक मामले में 24 सितंबर 2016 को एक व्यक्ति को पकड़ा था. पकड़े गये व्यक्ति की जेब से 5500 रुपये निकालने का आरोप चारों पर लगा था. वरीय अधिकारियों की जांच में सिपाही पप्पू कुमार द्वारा पीड़ित की जेब से रुपये निकालने की बात सही पायी गयी. इसके बाद ही यह कार्रवाई की गयी है.
बदले गये पांच थानाध्यक्ष और दो सर्किल इंस्पेक्टर
गया. जिले के पांच थानों में थानाध्यक्ष व दो सर्किल इंस्पेक्टर को एसएसपी ने बदला है. एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि बोधगया सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार को डेल्हा, रामपुर थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी को नीमचक बथानी, नीमचक बथानी थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह को टिकारी, पुलिस लाइन में रहे चेतनानंद झा को रामपुर, टेक्निकल सेल के धर्म प्रकाश कुमार को चंदौती व टेक्निकल सेल के प्रशांत कुमार सिंह को गुरुआ का थानाध्यक्ष बनाया गया है. एसएसपी कार्यालय में तैनात अशोक कुमार को सर्किल इंस्पेक्टर टिकारी व टिकारी थानाध्यक्ष उमेशचंद्र बोधगया सर्किल इंस्पेक्टर के रूप में तैनात किये गये हैं.
