प्रतिनिधि.दलसिंहसराय, खाद्यान्न व्यवसायी संघ की बैठक आयोजित कर गोला पट्टी के व्यवसायी धर्मेन्द्र कुमार साह से कथित रूप से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की गई.बैठक में संघ के सदस्यों ने कहा कि मीडिया के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार खुद को "माफिया सिंडिकेट " का सदस्य बताने वाले व्यक्ति ने व्यवसायी धर्मेन्द्र कुमार साह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है.राशि नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दिए जाने का आरोप है.
व्यवसायियों ने कहा कि दलसिंहसराय बाजार में पहले इस तरह की बड़ी रंगदारी की घटना सामने नहीं आई थी और इस घटना से व्यापारियों में भय का माहौल है. व्यवसायी संघ ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.संघ का कहना है कि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी.
बैठक में संतोष कुमार सुरेका ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर किए गए दावों के बीच इस तरह की घटना चिंताजनक है.उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर व्यापारियों में व्याप्त दहशत का माहौल समाप्त करने की अपील की,ताकि व्यवसायी निर्भय होकर अपना कारोबार कर सकें.
