पटना से मनोज कुमार की रिपोर्ट
Raid In Bihar: आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय के लेखापाल मनीष कुमार के खिलाफ कार्रवाई की. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गुरुवार को उनके दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. मनीष कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया सबूत मिले हैं.
2 करोड़ से भी ज्यादा अर्जित की संपत्ति
जांच में उनके पास टोटल 2 करोड़ 2 लाख 31 हजार 500 रुपये की ऐसी संपत्ति पाए जाने का दावा किया गया है, जो उनकी ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में 208.57 प्रतिशत अधिक है. जांच में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने 10 जून को मामला दर्ज किया और विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया.
इसके बाद गुरुवार सुबह मनीष कुमार के हाजीपुर स्थित बागमती आवासीय परिसर में स्थित आवास और हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय में उनके कार्यालय समेत दो जगहों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया.
क्या कहना है ईओयू के अधिकारियों का?
ईओयू की टीम पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी की कार्रवाई कर रही है. छापेमारी के दौरान दस्तावेजों, चल-अचल संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है. आर्थिक अपराध इकाई ने कहा है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और अन्य तथ्यों का विस्तृत खुलासा होगा. फिलहाल दोनों ठिकानों पर कार्रवाई जारी है.
