Bahadurpur News: बहादुरपुर थाना क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक चाय दुकान से पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने चाय दुकानदार को भी हिरासत में लिया था. गिरफ्तार युवक की पहचान ओझौल गांव निवासी रितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है.
एकमी-सोभन बाइपास पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एकमी-सोभन बाइपास स्थित एक चाय दुकान पर पुलिस ने कार्रवाई की.
जांच के दौरान चाय दुकान से एक युवक को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया. तलाशी में उसके पास से छह जिंदा कारतूस भी बरामद किये गये.
चाय दुकानदार को भी हिरासत में लिया
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चाय दुकानदार चांडी गांव निवासी सुनील यादव को भी हिरासत में लिया. हालांकि, पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे पीआर बांड भरवाकर छोड़ दिया.
पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के मामले में दुकानदार की भूमिका की भी जांच की गयी.
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी राजू कुमार शर्मा के आवेदन पर मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
गिरफ्तार आरोपित रितेश कुमार सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास पिस्टल और कारतूस कहां से आए और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.
यह भी पढ़ें
कमतौल में परीक्षा देने गयी बीए पार्ट-2 की छात्रा लापता, तीन लोगों पर अपहरण का आरोप
