वीडियो कॉल के कुछ मिनट बाद विवाहिता की मौत, परिजनों ने जताया संदेह

दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना से कुछ देर पहले ही मृतका की अपने भाई से वीडियो कॉल पर बात हुई थी. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Darbhanga News: दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें: गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

वीडियो कॉल के कुछ देर बाद मिली मौत की सूचना

मृतका की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के सुसारी निवासी अनिल राय की पत्नी प्रीति कुमारी (25) के रूप में हुई है. वह समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के बुनियादपुर गांव निवासी सुशील मंडल की पुत्री थीं.

मृतका के छोटे भाई राघव कुमार ने बताया कि मंगलवार को मौत की सूचना मिलने से करीब 20 से 25 मिनट पहले उनकी बहन से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान वह सामान्य स्थिति में थीं. कुछ देर बाद प्रीति के पति ने उनकी छोटी बहन पिंकी कुमारी को फोन कर मौत की जानकारी दी.

परिजनों ने जताया संदेह

राघव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे ससुराल पहुंचे तो प्रीति का शव जमीन पर पड़ा था. पूछने पर सास ने बताया कि प्रीति नल-जल योजना से पानी भरकर घर लौटी थीं, जिसके बाद अचानक उनकी मौत हो गई.

परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. मृतका के भाई ने विशेष रूप से अपनी बहन की सास की भूमिका की जांच करने की मांग की है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बताया जाता है कि मृतका का पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है. प्रीति अपने पीछे करीब 10 वर्षीय एक पुत्र छोड़ गई हैं.

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar raushan

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >