Rail Accident: सकरी-दरभंगा रेलखंड पर तारसराय और सकरी रेलवे स्टेशन के बीच फाटक संख्या-34 के समीप शुक्रवार को ट्रेन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई. मृतका की पहचान भालपट्टी थाना क्षेत्र के मालीटोल वार्ड संख्या-4 निवासी राजा मंडल की पुत्री रजनी कुमारी के रूप में हुई है.
रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रजनी कुमारी रेलवे ट्रैक पार कर खेत की ओर जा रही थी. इसी दौरान रक्सौल-जोगबनी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15501) की चपेट में आ गई. हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
सूचना पर पहुंची जीआरपी
घटना की सूचना मिलते ही दरभंगा रेल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात
परिजनों ने बताया कि रजनी कुमारी की मानसिक स्थिति पहले से ठीक नहीं थी. उसकी शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी. मृतका के पिता बाहर रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
जीआरपी थानाध्यक्ष किंग कुंदन ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मामले के सत्यापन के लिए पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
यह भी पढ़ें:
नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
