Darbhanga News: जाले थाना क्षेत्र के देउरा-बंधौली पंचायत स्थित बघौल गांव में राशन लेने जा रही एक महिला के साथ मारपीट, छिनतई और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि 22 जून की रात करीब आठ बजे वह गांव की राशन दुकान जा रही थीं. इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया.
विरोध करने पर मारपीट और छिनतई का आरोप
आवेदन के अनुसार बघौल निवासी मो. गुफरान उर्फ गुड्डू, सरवर अली, गुलाम सरवर और रहमत अली ने महिला के साथ गाली-गलौज की. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई. महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उनके गले से करीब 10 ग्राम सोने की चेन छीन ली और कपड़े भी फाड़ दिए.
पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी और जबरन अपमानित करने का प्रयास किया.
देवर ने पहुंचकर बचाया
महिला ने बताया कि शोर सुनकर उनका देवर मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया. घटना के बाद पहले गांव स्तर पर समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनने पर उन्होंने थाना में आवेदन दिया.
यह भी पढ़ें: प्रेम विवाह के ढाई महीने बाद विवाहिता की हत्या का आरोप, बोरी में बंद शव जमीन से बरामद
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मारपीट, छिनतई, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है.
